जौनपुर 17 मई (आरएनएस)। नीट पेपर लीक में शामिल सभी दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन व डेमोक्रेटिक यूथ आर्गनाइजेशन ने संयुक्त रूप से जुलूस व विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। जुलूस की शुरुआत बदलापुर सब्जी मण्डी के पास स्थित संगठन के कार्यालय से की गई, जो इन्दिरा चैक होते हुए बदलापुर तहसील परिसर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन में तब्दील हो गया। जहां पर, महामहिम राष्ट्रपति को सम्बोधित 6 सूत्री मांग पत्रक तहसीलदार बदलापुर को सौंपा गया। वक्ताओं ने कहा कि, राजस्थान में प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद नीट 2026 को रद्द किया जाना और सीबीआई जांच के आदेश ने एक बार फिर देश में केंद्रीकृत उच्च-स्तरीय परीक्षाओं से जुड़े गहरे संकट को उजागर कर दिया है। छात्र संगठन निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने में लगातार विफलताओं की कड़ी निंदा करता है। पिछले कई वर्षों से विभिन्न केंद्रीय परीक्षाओं में पेपर लीक, अनियमितता, हेरफेर और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप बार-बार सामने आते रहे हैं। इतने व्यापक प्रचारित सुरक्षित परीक्षा तंत्र को भेदने की क्षमता केवल सामान्य व्यक्तियों में नहीं हो सकतीय इस प्रकार की संगठित धांधली प्रभावशाली और ऊँचे स्तर के नेटवर्क की संलिप्तता की ओर संकेत करती है। यदि हर बार असली दोषियों को बचा लिया जाए या जांच निष्कर्षहीन रह जाए, तो छात्र और अभिभावक तथा अन्य केंद्रीय परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर कैसे भरोसा करेंगे? इस अनिश्चित और त्रुटिपूर्ण व्यवस्था के कारण छात्रों पर पडऩे वाला भारी मानसिक दबाव अस्वीकार्य है। जब तक सख्त जवाबदेही तय नहीं की जाएगी और पद तथा शक्ति की परवाह किए बिना वास्तविक दोषियों को दंडित नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाएँ बार-बार होती रहेंगी। निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षाएँ आयोजित करने में छज्। लगातार विफल साबित हुआ है, इसलिए इस एजेंसी को समाप्त कर दिया जाना चाहिए। केंद्रीय परीक्षाओं के आसपास लगातार बढ़ती अनियमितताओं और असुरक्षा के खिलाफ संयुक्त आवाज उठाएँ तथा एक निष्पक्ष, लोकतांत्रिक और विश्वसनीय शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर देशव्यापी संयुक्त छात्र आंदोलन का निर्माण करें। एआईडीवाईओ के जिलाध्यक्ष इन्दुकुमार शुक्ल, एआईडीएसओ के राज्य सचिव दिलीप कुमार के अलावा अभिभावक प्रमोद कुमार शुक्ल ने भी सम्बोधित किया। संचालन संतोष प्रजापति ने किया। रामकुमार यादव, राजबहादुर विश्वकर्मा, यशवंत राव, मिथिलेश मौर्य, अंजली सरोज, पूनम प्रजापति, साधना, रोशनी, एकता खरवार, राकेश निषाद, विनोद मौर्य, रवीन्द्र पटेल, शिवप्रकाश विश्वकर्मा, राकेश मौर्य, अमन, शिवकुमार, विकास मौर्य, मनोज कन्नौजिया, अजीत पटेल, आजाद गुप्ता, संजय सिंह सहित अन्य कई छात्र नौजवान मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

