रायपुर, 16 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के लालपुर होलसेल फल मार्केट में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई फलों के नमूने जांच के लिए जब्त किए। अचानक हुई इस जांच से मंडी में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने कुल 5 नमूने एकत्र किए। इनमें तरबूज के दो नमूने, जबकि अनार, आम और मौसंबी के एक-एक नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में सड़े और खराब फल भी मिले। इसके बाद करीब 40 किलो खराब फलों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने व्यापारियों को साफ चेतावनी दी है कि बाजार में केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेची जाए। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता संदिग्ध लगे तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

