नारायणपुर, 16 मई (आरएनएस)। घने जंगलों और अंदरूनी गांवों के बीच जहां कभी पुलिस और ग्रामीणों के बीच दूरी महसूस की जाती थी, वहां अब चौपाल सज रही है, अफसर जमीन पर बैठकर लोगों की बातें सुन रहे हैं और खेल मैदान में पुलिस और ग्रामीण एक साथ वॉलीबॉल खेलते नजर आ रहे हैं। नारायणपुर पुलिस का माड़ मैत्री अभियान अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि भरोसे और संवाद की नई तस्वीर बनता जा रहा है। इसी कड़ी में 15 मई 2026 को थाना सोनपुर क्षेत्र के ग्राम कदेर में माड़ मैत्री चौपाल का आयोजन किया गया, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय साबद्रा और थाना प्रभारी सोनपुर निरीक्षक श्री कृष्णा साहू ग्रामीणों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर आत्मीय संवाद किया। पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुडिय़ा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। एएसपी श्री अक्षय साबद्रा ने हर समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया। चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने बेहद सरल और सहज भाषा में ग्रामीणों को उनके अधिकारों, शासकीय योजनाओं और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी ताकि गांव के लोग जागरूक बन सकें और किसी भी तरह के भ्रम या भय से बाहर निकल सकें। कार्यक्रम का सबसे खास पहलू रहा माड़ मित्र का गठन, जिसमें गांव के युवाओं को पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय की कड़ी बनाकर जिम्मेदारी सौंपी गई। ये माड़ मित्र गांव की गतिविधियों, समस्याओं और जरूरतों की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचाएंगे, जिससे अंदरूनी क्षेत्रों में भरोसे और सुरक्षा का मजबूत नेटवर्क तैयार हो सके।
चौपाल के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया जब पुलिस टीम, ग्रामीणों और माड़ मित्रों के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच खेला गया। मैदान में अफसरों और युवाओं की साझी भागीदारी ने पूरे गांव में उत्साह भर दिया। मैच के बाद खिलाडिय़ों को पुलिस विभाग की ओर से वॉलीबॉल और नेट वितरित किए गए ताकि युवा खेलकूद से जुड़ें, नशे और भटकाव से दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और नारायणपुर पुलिस की इस संवेदनशील पहल की खुलकर सराहना की। एएसपी श्री अक्षय साबद्रा और निरीक्षक श्री कृष्णा साहू ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि नारायणपुर पुलिस का ध्येय विग्रह से विश्वास है और पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा, सहायता और सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी। फिलहाल, माड़ मैत्री चौपाल ने यह साफ कर दिया है कि जब पुलिस वर्दी से आगे बढ़कर विश्वास का हाथ बढ़ाती है, तब जंगलों के भीतर भी भरोसे की नई रोशनी जल उठती है।
0

