-एनडीए के पिछले सात वर्षों के शासनकाल में 70 से ज्यादा पेपर लीक हुए
अयोध्या ,16 मई (आरएनएस)। एनडीए के पिछले सात वर्षों के शासनकाल में 70 से ज्यादा पेपर लीक हुए। एन0टी0ए0 ने पेपर लीक को व्यापार में तब्दील कर दिया है। 22 लाख युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। पेपर लीक के मुख्य दोषियों पर कार्यवाही हो और एन0टी0ए0 को समाप्त होना चाहिए। यह बात स्थानीय प्रेस क्लब में इंकलाबी नौजवान सभा (आर0वाई0ए0) की जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय महासचिव नीरज कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सभी महत्वपूर्ण संस्थानों को बर्बाद कर रही है। कई पीढिय़ों के संघर्ष और सपनों के बाद जब आम लोगों के बच्चों की पहुंच पढ़ाई की बनी तो नई शिक्षा नीति के तहत स्कूलों को बंद किया जा रहा है। शिक्षा को मंहगी कर बड़ी आबादी को उससे वंचित करने की कोशिश हो रही है और हर समुदाय/ वर्ग को हाशिए पर ढकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज सरकारों के पास युवाओं को देने के लिए कुछ भी नहीं है। धर्म के नाम पर नफरत और नशा का कारोबार गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है जिससे देश की युवा पीढ़ी को अपराधी एवं लाचार बनाया जा सके। सरकारी संस्थानों में स्थाई भर्तियां करने के बजाय आउटसोर्सिंग के जरिए युवाओं को 10 से 12 हजार रुपए में काम करने को विवश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव के लिए अब युवाओं के पास संघर्ष के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है। देश में युवा आंदोलन की दिशा तय करने के लिए आगामी 9-10 अगस्त को बिहार के आरा में आर0 वाई0 ए0 का राष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है जिसकी तैयारी में अभी से लग जाना होगा। आइलाज के जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि किसी भी संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत संगठन का होना बेहद जरूरी है। सरकार की नीतियों की विफलता, आर्थिक संकट और युवाओं के समक्ष चुनौतियों को लेकर व्यापक युवा समुदाय से संवाद कर हम संगठन का विस्तार कर सकते हैं। बैठक की अध्यक्षता रमेश गौड़ ने तथा संचालन आर 0 वाई0 ए0 संयोजक अजय शर्मा चंचल ने किया, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की तैयारी, सदस्यता भर्ती, संगठन निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में भाकपा (माले) जिला प्रभारी अतीक अहमद, राम सिंह, दिलीप कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश यादव, आशीष कुमार, अशोक कुमार वर्मा, नन्दन यादव, सुखराम प्रधान, अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा, हसमत अली, विजय यादव, अजीज उल्ला अंसारी, प्रेम सागर, अवध कुमार, राम कृष्ण आदि लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

