श्रावस्ती ,16 मई (आरएनएस)। भंगहामोड स्थित धर्म कांटा के पास संचालित एक लकड़ी ठेकी संचालक की लापरवाही राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जी का जंजाल बन गई है। सड़क के किनारे स्थित इस ठेकी द्वारा लगभग 100 मीटर तक मुख्य मार्ग पर लकडिय़ों का अंबार लगा दिया गया है, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई है। आलम यह है कि यहां से गुजरना अब किसी जोखिम से कम नहीं रह गया।
सड़क पर बेतरतीब ढंग से पड़ी लकडिय़ों के कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। राहगीरों का कहना है कि ठेकी संचालक सड़क को अपनी निजी संपत्ति मानकर अवैध रूप से कब्जा किए हुए है। भारी वाहनों और लकडिय़ों से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की वजह से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को घंटों मशक्कत करनी पड़ती है।
सबसे गंभीर स्थिति रात के समय होती है, जब सड़क पर खड़ी लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किसी बड़े हादसे को दावत देती नजर आती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क के बीचों-बीच लकडिय़ां उतारने और लादने का काम चलता रहता है, जिससे राहगीर आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सड़क पर चलना दूभर हो गया है। ठेकी संचालक की दबंगई के कारण प्रशासन भी मौन है। अगर समय रहते लकड़ी नहीं हटाई गई, तो किसी दिन बड़ी अनहोनी निश्चित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

