प्रयागराज,16 मई (आरएनएस)। करैली पुलिस और एसओजी नगर की संयुक्त टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पीली धातु की बट्टी, 90 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन (22) पुत्र उस्मान निवासी शम्स नगर करैलाबाग थाना करैली और कामरान अहमद (24) पुत्र एखलाक अहमद निवासी खेड़वा असरावल थाना एयरपोर्ट, प्रयागराज के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को करैली थाना क्षेत्र स्थित रेलवे डाट पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि करैली थाना क्षेत्र के जीटीबी नगर निवासी अरुण कुमार मेहरौत्रा के बंद मकान में घुसकर आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में दर्ज मुकदमा संख्या 85/2026 की विवेचना के दौरान पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हसन के खिलाफ पूर्व में करैली थाने में लूट और चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं, जबकि कामरान अहमद पर भी धूमनगंज थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई में करैली थाना पुलिस, एसओजी नगर टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

