जमीन पैमाइश के दौरान दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी
प्रयागराज ,16 मई (आरएनएस)। सोरांव थाना क्षेत्र के नूरपुर (देवापुर) गांव में सरकारी कार्य के दौरान एक महिला लेखपाल से मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। दबंगों ने लेखपाल के साथ गाली-गलौज की, सरकारी दस्तावेजों के निस्तारण में बाधा डाली और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार को हुई, जब तहसील फूलपुर के ग्राम सराय लीलाधर उर्फ बरचनपुर में तैनात क्षेत्रीय लेखपाल प्रीति पटेल सरकारी कार्य से नूरपुर गांव पहुंची थीं। आरोप है कि घटना से पहले आरोपी राम कैलाश ने उन्हें फोन कर जमीन की पैमाइश के लिए दबाव बनाया था और अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। लेखपाल ने बताया कि पैमाइश राजस्व निरीक्षक के अधिकार क्षेत्र में आती है, जिसके बाद आरोपी भड़क गया था।
लेखपाल प्रीति पटेल अपने पिता राजेंद्र प्रसाद के साथ गांव में ‘फार्मर रजिस्ट्री’ और ‘अंश निर्धारण’ का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी रामक्षकैलाश अपनी पत्नी, बेटी, महेंद्र, भाईलाल और कुछ अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। इस दौरान लेखपाल के साथ हाथापाई की गई, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। दबंगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए काफी देर तक हंगामा किया।
सोरांव पुलिस ने लेखपाल की शिकायत को गंभीरता से लिया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और अभद्रता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की गहनता से जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

