विहिप नेता-कर्मचारियों में झगड़े के बाद जमकर मारपीट
प्रयागराज ,16 मई (आरएनएस)। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कटरा में एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार रात जमकर हंगामा हुआ। यहां एक विहिप नेता और कर्मचारियों के बीच झगड़ा हुआ और इसके बाद मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लात-घूंसों के साथ कुर्सियां भी चलाईं। इसमें दोनों पक्षों के साथ बीच बचाव करने पहुंचे एक संत भी जख्मी हो गए। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस ने मेडिकल भी कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात नौ से 10 बजे के बीच हुई। कटरा में मनमोहन पार्क चौराहे के पास मॉर्सेल रेस्टोरेंट स्थित है। यहां फॉर्च्यूनर से एक विहिप नेता कुछ लोगों को लेकर खाना खाने पहुंचे। उनके ड्राइवर ने कार रेस्टोरेंट के सामने पार्क कर दी। इस बात का कर्मचारियों ने विरोध किया तो विहिप नेता के साथ आए लोगों से उनकी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि मारपीट शुरू हो गई। पहले रेस्टोरेंट के बाहर और फिर अंदर भी विवाद हो गया। दरअसल मारपीट के दौरान ही कुछ कर्मचारी भीतर गए तो पीछे से विहिप नेता के साथ आए लोग भी पहुंच गए। इसके बाद रेस्टोरेंट के भीतर भी मारपीट हुई।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कुर्सियां भी फेंकी। इस दौरान वहां मौजूद एक संत ने कर्मचारियों का पक्ष लिया तो उनसे भी मारपीट की गई। जानकारी पर डायल 112 पुलिस पहुंची लेकिन दोनों पक्ष मारपीट करते रहे। बाद में कर्नलगंज थाना पुलिस पहुंची तो मामला शांत हुआ। घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के दौरान एक पक्ष के लोग सीसीटीवी और डीवीआर भी उठा ले गए। उधर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

