लखनऊ ,16 मई (आरएनएस)। मायावती ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल में आए तेज आंधी-तूफान से हुई जान-माल की क्षति पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने की मांग की है। साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा है।मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आए भीषण आंधी-तूफान से प्रभावित लोगों और परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार को पूरी उदारता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को हर स्तर पर सहयोग के लिए आगे आना चाहिए, जिससे प्रभावित लोग अपने उजड़े और बिखरे पारिवारिक जीवन को समेटकर दोबारा सामान्य जीवन शुरू कर सकें।बसपा प्रमुख ने पेट्रोलियम पदार्थों सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का असर करोड़ों गरीब, मेहनतकश परिवारों, किसानों और मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ेगा। इससे परिवारों के भरण-पोषण पर सीधा असर पडऩे की आशंका है।मायावती ने कहा कि महंगाई आमजन का जीवन कठिन बना रही है। ऐसे में सरकार को लगातार हो रही मूल्य वृद्धि को कम करने के लिए सार्थक कदम उठाने चाहिए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

