– जिला प्रशासन ने कैंसर पीडि़त परिवार का 71 हजार रुपये का कर्ज माफ किया
देहरादून,16 मई (आरएनएस)। रायपुर विकासखंड के मालदेवता क्षेत्र की निवासी संध्या रमोला के परिवार को जिला प्रशासन ने आर्थिक तंगी से राहत दिलाई है। परिवार के मुखिया गले के कैंसर से पीडि़त हैं और इलाज के कारण वे काम करने में असमर्थ हो गए थे। दो छोटे बच्चों और बैंक पर बकाया ऋण के चलते परिवार की स्थिति चिंताजनक हो गई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में प्रशासन ने हस्तक्षेप कर परिवार का ऋण माफ कराया और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। प्रशासन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कोष से परिवार पर बकाया लगभग 71हजार रुपये का ऋण सीधे बैंक खाते में जमा कराकर उन्हें ऋणमुक्त कराया। साथ ही राइफल क्लब देहरादून मद से 50हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी सीधे खाते में भेजी गई। इससे परिवार को बैंक से जारी नोटिस और किश्तों के दबाव से राहत मिली है।
संध्या रमोला ने बताया कि उनके पति का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और लगातार कीमोथेरेपी के कारण वे काम नहीं कर पा रहे हैं। परिवार ने 2024 में स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार के लिए ऋण लिया था, पर बीमारी के चलते किश्तें जमा नहीं हो सकीं। बैंक द्वारा करीब 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस मिलने के बाद परिवार पर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ गया था।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री की स्पष्ट मंशा है कि कोई भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित बैंक को नो-ड्यूज प्रमाण पत्र जारी किया जाए और जरूरतमंदों को समय पर सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन तत्पर रहे। उन्होंने यह भी कहा कि आकस्मिक संकट से जूझ रहे परिवारों, गंभीर बीमारियों से पीडि़त व्यक्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को विभिन्न माध्यमों से सहायता दी जा रही है।
प्राप्त सहायता से संध्या रमोला के परिवार को न केवल आर्थिक बोझ से राहत मिली है, बल्कि उन्हें भविष्य के प्रति नई उम्मीद भी मिली है। जिला प्रशासन की यह पहल स्थानीय स्तर पर संवेदनशील और जवाबदेह शासन का उदाहरण मानी जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

