देहरादून,16 मई (आरएनएस)। ग्राफिक एरा की छात्रा उन्नति त्रिपाठी चीन में भारतीय स्क्वैश टीम की कमान संभालेंगी। उन्हें 33वीं एशियन जूनियर इंडिविजुअल स्क्वैश चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का कप्तान चुना गया है। उन्नति त्रिपाठी ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की बीए (अंग्रेजी) प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उन्नति के पिता हरिओम त्रिपाठी जाने माने स्क्वैश कोच हैं। वह 20 से 24 मई तक चीन में आयोजित होने वाली 33वीं एशियन जूनियर इंडिविजुअल स्क्वैश चैंपियनशिप के गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में उन्नति ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की और पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया।
अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर वह गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में भारत की नंबर एक खिलाड़ी के रूप में उभरी हैं। उन्होंने कम उम्र में ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार खेल प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। थ्री-स्टार नेशनल सर्किट स्क्वैश टूर्नामेंट में रजत पदक, नेशनल गेम्स गोवा में टीम स्पर्धा में कांस्य पदक और नॉर्दर्न स्लैम इंडियन जूनियर ओपन मुंबई में स्वर्ण पदक जीतकर विशेष पहचान बनाई है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने कहा कि उन्नति ने अपनी उपलब्धियों से यह साबित कर दिया है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर भारतीय युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने की क्षमता रखते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

