भोपाल,16 मई (आरएनएस)।कोलार रोड पर शनिवार दोपहर एक एसयूवी कार में आग लग गई। कुछ ही देर में पूरी कार धुं-धुंकर जल उठी। आग की लपटें 10 फीट ऊपर तक उठ गई। गनीमत रही कि कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, वरना ब्लास्ट भी हो सकता था।
कोलार रोड पर चूना भट्?टी रेस्ट हाउस के आगे गार्डन रेसीडेंस है। इसके गेट पास ही एक एसयूवी में दोपहर 3.30 बजे आग लगी। शुरुआत में धुआं निकला और फिर आग की लपटें ऊंची उठने लगी। कोलार फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी जल चुकी थी।
कार में आग लगने के पीछे वर्कशॉप की लापरवाही की बात भी सामने आई है। बताया जाता है कि ग्राहक नितिन रघुवंशी की कार पिछले 15 दिन से सुधार कार्य के लिए वर्कशॉप में खड़ी थी। शनिवार दोपहर शोरूम कर्मचारी कार को ट्रायल के लिए लेकर निकले थे, तभी लापरवाही के चलते चलती कार में आग लग गई।
घटना का सबसे रोचक पहलू यह रहा कि उसी दौरान ग्राहक नितिन रघुवंशी वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क पर अपनी ही कार को जलते देखा तो तुरंत शोरूम पर फोन लगाकर कार की जानकारी मांगी। आरोप है कि शोरूम कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि कार अभी वर्कशॉप में सुधार कार्य के लिए खड़ी है।
इसके बाद ग्राहक ने मौके का वीडियो बनाया और सीधे शोरूम पहुंचकर जमकर हंगामा किया। घटना के बाद शोरूम प्रबंधन की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिस जगह कार में आग लगी, उसके पास ही में इलेक्ट्रिक व्हीकल का चार्जिंग स्टेशन और रहवासी इलाका भी है। इस वजह से हड़कंप की स्थिति बनी रही। आशंका थी कि आग की वजह से कार में ब्लास्ट न हो जाए, वरना बड़ा हादसा हो सकता है। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

