देवास,16 मई (आरएनएस)। औद्योगिक थाना क्षेत्र में एक कंपनी के पास नाली किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार रात स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, शव औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी के पास नाली किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की हालत खराब होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस अब युवक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो जारी कर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को मृतक की शर्ट पर एक कंपनी का नाम लिखा मिला है। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी कंपनी में काम करता हो सकता है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। औद्योगिक थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

