भोपाल,16 मई (आरएनएस)। कोटरा सुल्तानाबाद, नेहरू नगर स्थित वार्ड क्रमांक 27 में आज शनि जयंती के शुभ अवसर पर मध्य प्रदेश की सबसे भव्य एवं आकर्षक 51 फीट ऊंची शनिदेव प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल अभिषेक, पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न हुआ।
इस पावन कार्यक्रम में वार्ड 27 की पार्षद वीनू सक्सेना मुख्य यजमान रहीं। उन्होंने सपरिवार एवं वार्डवासियों के साथ शनिदेव महाराज का दुग्ध, दही, शहद, गंगाजल एवं सरसों के तेल से भव्य जल अभिषेक किया। इसके पश्चात हवन-यज्ञ कर विश्व कल्याण, नगर की सुख-समृद्धि एवं समस्त भक्तजनों के कष्ट निवारण की कामना की।
इस अवसर पर पार्षद वीनू सक्सेना ने कहा, “शनि देव न्याय के देवता हैं। उनकी कृपा से भोपाल एवं मध्य प्रदेश के हर नागरिक के जीवन से संकट दूर हों। 51 फीट की यह प्रतिमा न केवल भोपाल बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए आस्था का केंद्र बनेगी। शनि जयंती पर हम सबका कर्तव्य है कि गरीब, असहाय और जरूरतमंदों की सेवा करें, यही सच्ची शनि पूजा है।”
कार्यक्रम में पंडितों द्वारा शनि चालीसा, शनि स्तोत्र एवं शनि महामंत्रों का जाप किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शनिदेव के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। अंत में भंडारे का आयोजन भी किया जायेगा!
इस अवसर पर भोपाल जिला काँग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मोनू सक्सेना, वार्ड के गणमान्य नागरिक, महिला मंडल, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

