भोपाल,16 मई (आरएनएस)।राजस्व विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन भोपाल द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु सतत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिले के विभिन्न अनुविभागों में विशेष अभियान चलाकर शासकीय भूमि से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 01अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक जिले में कुल 46.0000 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। कलेक्टर गाइडलाइन वर्ष 2026-27 के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित मूल्य 70 करोड़ 50 लाख 17 हजार 720 रुपये है।
जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार विभिन्न अनुविभागों में की गई कार्रवाई में हुजूर अनुविभाग में 22.078 हेक्टेयर, बैरसिया में 21.09 हेक्टेयर, कोलार में 1.0001 हेक्टेयर, एम.पी. नगर में 0.500 हेक्टेयर, टी.टी. नगर में 0.478177 हेक्टेयर, संत हिरदाराम नगर में 0.415 हेक्टेयर, गोविंदपुरा में 0.330 हेक्टेयर तथा शहर वृत्त में 0.111 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय भूमि की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए अतिक्रमण के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शासकीय संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

