डिप्टी सीएम बोले- सपा के पास गुंडे अपराधी माफिया दंगाई हैं
प्रयागराज 17 मई (आरएनएस)। भाजपा प्रयागराज महानगर का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ रविवार को किया गया। उद्घाटन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम गीत के बाद प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संगठन में प्रशिक्षण वर्ग का बहुत महत्व है। वर्ग में जो सीख कर जाएं उसे अन्य कार्यकर्ताओं में बांटे। प्रशिक्षण वर्ग संगठन का आधार है। कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल में सरकार बनने की बधाई देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरा देश उत्साह से लबरेज है। यह ऐतिहासिक विजय है। इस विजय का संदेश पूरे देश में गया हैं। विरोधी भी मानने लगे हैं कि 2027 में उनका नंबर नहीं आने वाला। 2014 के लोकसभा, 2017 के विधानसभा, 2019 के लोकसभा व 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में हमने मेहनत किया लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने दुष्प्रचार किया। हमारे सांसदों की संख्या घट गई।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास मुद्दा नहीं जब विपक्ष के पास मुद्दा नहीं तो दुष्प्रचार करता है और पार्टी कार्यकर्ताओं को इससे मुकाबला करना है सजग रहना है। पश्चिम बंगाल सुभाष चंद्र बोस, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, स्वामी विवेकानंद की भूमि है। पश्चिम बंगाल के लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी।
डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि अगर देश व प्रदेश में भाजपा का कमल नहीं खिला होता तो राम मंदिर का निर्माण धारा 370 हट पाती क्या? दुनिया के कारोबारी चाहते हैं कि वे भारत आएं और उत्तर प्रदेश आएं।
बाक्स
प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं का होता है गुंडे अपराधी माफिया का नहीं
प्रयागराज। प्रशिक्षण वर्ग उद्घाटन के पश्चात मीडिया से औपचारिक बातचीत में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा द्वारा भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग पर कटाक्ष करने के सवाल पर कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं का होता है। गुंडे अपराधी माफियाओं का नहीं। सपा ने प्रशिक्षण दे तो दिया है बम बनाने की फैक्ट्री, कट्टा बनाने की फैक्ट्री दंगा की फैक्ट्री का प्रशिक्षण। भाजपा कार्यकर्ता इस प्रशिक्षण वर्ग से 2027 ही नहीं 2047 की मजबूती लेकर निकलेंगे। पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विचारधारा के लिए बलिदान दिया। भाजपा के 2047 के विजन को लेकर अखिलेश यादव द्वारा कटाक्ष करने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में अखिलेश यादव ने जिनका साथ दिया वो भी हार गए। अखिलेश यादव सहित समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं के हौंसले पस्त हो गए हैं। प्रधानमंत्री की अपील पर विपक्ष द्वारा सवाल उठाने के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा व कांग्रेस पर देश हंसता है। वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भारत में सबसे कम मूल्य वृद्धि हुई है और कांग्रेस आलोचना कर रही है तो इसका जवाब देश की जनता उसे देगी जब भी चुनाव होंगे।
भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व उपस्थित अतिथियों को पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत अभिनंदन किया। संचालन महानगर महामंत्री डॉ शैलेश पांडेय ने किया। सांसद प्रवीण पटेल, एमएलसी डॉ केपी श्रीवास्तव, नीरज त्रिपाठी, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, प्रमोद कुमार, रमेश पासी, विक्रम भदौरिया, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, दीप द्विवेदी, शुभम सिंह, रवींद्र गांधी, सुजीत कुशवाहा, मोहित गुप्ता, विश्वास श्रीवास्तव, अजय राय, अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

