-पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता व सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का दिया संदेश
अयोध्या 12 जुलाई (आरएनएस)। डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में एम0 ए0 एम0 सी0 जे0 अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में भावभीना फेयरवेल समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष आचार्य विजेन्दु चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सत्यनिष्ठ, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। जिसे नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए।समारोह के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने विभाग में बिताए गए अपने अनुभवों और यादगार पलों को साझा करते हुए जूनियर छात्रों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी।अंतिम वर्ष के छात्र दयानंद तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का कर्तव्य है कि वे सत्य एवं तथ्यपरक समाचारों को निष्पक्ष रूप से समाज तक पहुंचाएं और आपसी भाईचारे तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करें।दि आयुष्मान फाउंडेशन के संस्थापक पवन पटेल ने विद्यार्थियों को फर्जी एवं भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी तथ्यों की पुष्टि कर समाज तक सही जानकारी पहुंचाना है। मयंक श्रीवास्तव ने कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाते हैं।प्रमोद वर्मा ने कहा कि एक पत्रकार का सबसे बड़ा धर्म सत्य को निर्भीकता के साथ जनता के सामने लाना है। वहीं अतुल ने राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए निष्पक्ष, जिम्मेदार एवं सकारात्मक पत्रकारिता करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में अंतिम वर्ष के छात्र दयानंद तिवारी, पवन पटेल, मयंक श्रीवास्तव, प्रमोद वर्मा, नागेंद्र प्रताप सिंह, अतुल एवं महिमा पांडेय सहित जूनियर छात्र नीलेश्वर पंडित, रिंका, श्रेया श्रीवास्तव एवं कल्पना पांडेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन शगुन जायसवाल ने किया। फेयरवेल समारोह भावनात्मक, प्रेरणादायी और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। जिसमें गुरु-शिष्य परंपरा, आपसी स्नेह और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

