किसी ने सड़क निर्माण को गुणवत्ता के विपरीत, तो किसी ने सुनाई मजबूरी की दास्तां, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त
मडि़हान, मीरजापुर। तहसील सभागार शनिवार को लोगों की उम्मीदों का केंद्र बन गया, जब जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन चल रहा था। उमस भरी गर्मी में भी फरियादियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कोई टूटी सड़क का दर्द लेकर पहुंचा था, तो कोई अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा था। सबसे अधिक राजस्व विभाग से संबंधित जमीन विवाद से रहा। कुल 125 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 15 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। हालांकि बाकी शिकायतों में प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार की परतें खुलती नजर आईं। सड़क की परतों के साथ खुली भ्रष्टाचार की कहानी ग्राम पंचायत ददरा के ग्राम प्रधान रमेश कुमार यादव के साथ पहुंचे ग्रामीणों द्वारा भैसाखाड़- कूड़ी संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगाया गया। शिकायत करने आए फरियादियों में गुस्सा और दर्द सामने आया। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि सड़क निर्माण में इतनी घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है कि पैर रगड़ते ही ऊपर की गिट्टियां हट जा रही हैं और नीचे की सोलिंग बाहर दिखने लगती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों कुटाई के अभाव में खामियां मिली थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नाराजगी जाहिर करते हुए उप जिलाधिकारी मडि़हान अनेग सिंह को तीन दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पचोखरा खुर्द गांव निवासी किसान अमित विक्रम सिंह ने बताया कि उसके पिता की किडनी का इलाज लखनऊ पीजीआई में चल रहा है। इलाज के खर्च के बीच उसने अपनी फसल बेचने के लिए क्रय केंद्र पर ऑनलाइन नंबर लगवाया था। लेकिन केंद्र प्रभारी गेहूं में मिट्टी होने का आरोप लगाकर वापस कर दिया। पीडि़त किसान ने आरोप लगाया कि अब उससे प्रति कुंतल 50 रुपये अतिरिक्त खर्च मांगा जा रहा है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मडि़हान को जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, उप जिलाधिकारी अनेग सिंह, डीएफओ राकेश कुमार, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी सीएल वर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

