महासमुंद 17 मई (आरएनएस) अवैध शराब के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम ने शनिवार को ऐसा वार किया कि शराब तस्करों के पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया। सरायपाली पुलिस ने बिजली ऑफिस 132 केवी दर्राभांठा के पास नाकाबंदी कर एक पुरानी मारूती कार से 450 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कीमत 90 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर ने शराब को 15 प्लास्टिक ड्रमों में भरकर एक जर्जर कार में छिपाया था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मौके से आरोपी फागुलाल थुरिया पिता जागेश्वर थुरिया उम्र 26 वर्ष निवासी शांति नगर कनकबीरा, पुलिस चौकी कनकबीरा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरंगढ़-बिलाईगढ़ से अवैध महुआ शराब लाकर सरायपाली क्षेत्र में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने वाहन क्रमांक सीजी 04 एच ए 3326 की तलाशी ली तो कार के भीतर भारी मात्रा में शराब भरी मिली। बरामद शराब और परिवहन में प्रयुक्त मारूती कार सहित कुल 1 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर 17 मई 2026 को दोपहर 11:55 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक अभियान शुरू होने से अब तक जिलेभर में 7244.780 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है जिसकी कीमत 20 लाख 69 हजार 680 रुपये आंकी गई है, जबकि 600 प्रकरणों में 679 लोगों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। बहरहाल, महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब शराब माफियाओं के लिए जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

