नई दिल्ली,17 मई (आरएनएस)। दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार देर रात एक चार मंजिला रिहायशी मकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसा मानसरोवर पार्क स्थित मदर डेयरी वाली गली में बने बी-36 मकान में हुआ. आग लगने की सूचना रात 12:03 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद तुरंत तीन वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके पर रवाना किया गया.
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग मकान के ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में रखे घरेलू सामान में लगी थी. देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया, जिससे अलग-अलग मंजिलों पर रह रहे लोग अंदर फंस गए. मौके पर पहुंची दमकल टीम ने राहत और बचाव अभियान चलाते हुए कुल 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
घटना में घायल हुए प्रतीक गर्ग ने बताया कि रात करीब 12 बजे अचानक पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई. सांस लेना मुश्किल हो गया था और लोग घबराकर छज्जों पर पहुंच गए. उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड ने बाहर से सीढ़ी लगाकर सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा. प्रतीक के मुताबिक उन्होंने ही सबसे पहले बिल्डिंग में शोर मचाकर लोगों को जगाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
घायल लोगों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया
रेस्क्यू किए गए सभी लोगों ने सांस लेने में परेशानी होने की बात कही जिसके बाद सभी आग की चपेट में आए लोगों को सीएटीएस एम्बुलेंस के जरिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में डॉक्टर मधु की निगरानी में सभी को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.घायलों की पहचान वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश (49), योगेश वर्मा (50), राज रानी (65), अरुण गर्ग (48), अनन्या (12), रेनू गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) के रूप में हुई है.
मकल विभाग के स्टेशन ऑफिसर विनोद और स्टेशन ऑफिसर सुरेंद्र के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. जिसके बाद रात करीब 1:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिसके बाद दमकल की गाडिय़ां वापस लौट गईं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

