कांकेर, 17 मई (आरएनएस)। गांव-गांव पुलिस की पकड़ मजबूत करने और अपराधियों की सांसें अटकाने के लिए कांकेर पुलिस ने अब मोर मितान – कांकेर पुलिस अभियान को मैदान में उतार दिया है, जहां बीट आरक्षकों को सिर्फ गश्त नहीं बल्कि जनता का भरोसा जीतने, अपराध रोकने और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने का मिशन सौंपा गया। पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में आयोजित समीक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में जिलेभर के राजपत्रित अधिकारी, बीट प्रभारी और पुलिस स्टाफ शामिल हुए। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अब बीट पुलिसिंग केवल औपचारिकता नहीं बल्कि अपराध नियंत्रण का सबसे मजबूत हथियार बनेगी। जिले के 154 गांवों को बीट प्रणाली के तहत चिन्हांकित कर पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति तैयार की गई है। कार्यक्रम में शामिल 140 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें, आम लोगों से संवाद बढ़ाएं, स्थानीय विवादों का तत्काल समाधान करें और आपराधिक, सामाजिक, सांप्रदायिक, राजनीतिक, छात्र एवं श्रमिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखें।
पुलिस अधिकारियों ने नए लोगों की गतिविधियों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना, लंबित समंस और वारंट की तामील, निगरानीशुदा बदमाशों की जांच, चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की पतासाजी तथा अवैध शराब बिक्री पर त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और नशे के खिलाफ गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बीट आरक्षकों को बीटबुक का नियमित संधारण करने, सरपंच, कोटवार, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों और युवाओं के साथ समन्वय बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सामुदायिक पुलिसिंग मजबूत करने का प्रशिक्षण दिया गया। समीक्षा बैठक के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर जनसंपर्क, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 15 बीट आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें, सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बहरहाल, मोर मितान अभियान ने यह साफ कर दिया है कि कांकेर पुलिस अब सिर्फ थानों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव की चौपाल से लेकर हर गली तक अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी।
०


