श्रीनगर गढ़वाल,17 मई (आरएनएस)। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव श्रीनगर में हाईवे स्थित भक्तियाना क्षेत्र में एसएसबी गेट के सामने जल संस्थान की ओर से लगाया गया हैंडपंप दो दिनों से खराब पड़ा है। भीषण गर्मी के बीच हैंडपंप बंद होने से स्थानीय लोगों, राहगीरों और चारधाम यात्रा पर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नीरज व सूरज का कहना है कि यात्रा सीजन शुरू होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ गई है। ऐसे में सड़क किनारे लगा यह हैंडपंप राहगीरों और पैदल यात्रियों के लिए सहारा था। मगर अब यह दो दिनों से खराब है। स्थानीय निवासी गजेंद्र मैठाणी ने बताया कि चिलचिलाती गर्मी में हैंडपंप बंद होने से समस्या बन गई है। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता अर्पित मित्तल ने बताया कि दो दिन के भीतर हैंडपंप को ठीक करा दिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

