श्रीनगर गढ़वाल,17 मई (आरएनएस)। नगर निगम क्षेत्र के न्यू कमलेश्वर मोहल्ले के समीप बनी बंजारा बस्ती हटाने की मांग तेज होने लगी है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि बस्ती में आए दिन झगड़ा, गाली-गलौच और नशाखोरी की घटनाओं से आसपास का माहौल खराब हो रहा है। इस संबंध में स्थानीय लोग दो बार पुलिस प्रशासन को शिकायतीपत्र भी दे चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। पार्षद सूरज नेगी, जगमोहन सिंह रावत, दलबीर सिंह, किशन और किशोर पुरी ने बताया कि बस्ती में करीब 10 से 12 परिवार रह रहे हैं। आरोप लगाया कि शाम होते ही यहां झगड़ा और शोर-शराबा शुरू हो जाता है जिससे आसपास रहने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है। कई बार दिन के समय भी आपसी विवाद और मारपीट की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजकर पहले संबंधित लोगों को समझाया जाएगा। यदि इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

