अबूजा,17 मई। नाइजीरिया के पूर्वोत्तर राज्य योबे में संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों ने एक विशेष सैन्य स्कूल पर हमला बोल दिया। इस हमले में कम से कम 17 प्रशिक्षु सैनिकों की मौत हो गई। इस स्कूल में नवनियुक्त सैनिकों को प्रशिक्षण देने का भी कार्य किया जाता था। राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार देर रात इस हमले और हुई मौतों की पुष्टि की है। बता दें कि नाइजीरिया पिछले 18 वर्षों से अपने उत्तर पूर्वी क्षेत्र में इस्लामी विद्रोह से जूझ रहा है।
पुलिस प्रवक्ता एंथोनी ओकोन प्लासिड ने कहा कि शुक्रवार को योबे राज्य के बुनी यादी में नाइजीरियाई सेना के विशेष बल स्कूल पर हुए हमले में 17 सैनिकों की मौत हो गई। प्लासिड ने कहा, “संस्थान में विशेष परिचालन प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों ने उस समय अपनी जान गंवाई जब आतंकवादियों ने कई दिशाओं से सुविधा पर समन्वित हमला किया। इसमें कई सैनिक मारे गए।” हालांकि उन्होंने हताहतों की कोई सटीक संख्या नहीं बताई।
नाइजीरिया के उत्तर पूर्वी हिस्से में हिंसा की शुरुआत 2009 में बोको हराम के विद्रोह से हुई थी। बाद में यह आतंकवादी समूह कई गुटों में बंट गया, जिससे इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस नामक एक अलग संगठन का उदय हुआ, जिसने सैन्य ठिकानों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले तेज कर दिए हैं। आईएसडब्लूपी के वरिष्ठ कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को अमेरिका और नाइजीरिया के संयुक्त अभियान में मार गिराया गया था। इसकी पुष्टि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

