भोपाल 17 मई (आरएनएस)। पिपलानी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घटना सोनागिरि सी-सेक्टर में रविवार सुबह 11 बजे की है।
इसके बाद महिला को मरा हुआ समझकर अपने गले और पेट पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक, लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया (50) सोनागिरि के सी-सेक्टर में रहता था और निजी वाहन चालक था। उसकी पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से उसके साथ मोहल्ले की ही कल्पना भारती लिव-इन में रह रही थी। कल्पना लंबे समय से पति से अलग रह रही है। घरों में साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करती है।
सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिस चाकू से लक्ष्मण ने खुद पर हमला किया था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमसी भिजवाया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना का सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पूछताछ में सामने आया है कि लक्ष्मण, कल्पना के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अकसर विवाद होता था।
सिर पर हथौड़ी से वार के बावजूद कल्पना भारती की जान बच गई है। गंभीर हालत में उसे भोपाल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

