कांकेर, 17 मई (आरएनएस)। कांकेर में अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और अब उजियार अभियान के तहत गांवों में छिपाकर चलाए जा रहे देसी शराब के धंधे पर सीधी चोट की जा रही है। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने ग्राम आतुरगांव में दबिश देकर एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा और उसके कब्जे से 20 लीटर देशी महुआ शराब बरामद कर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी मो. मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिलेभर में चलाए जा रहे उजियार अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आतुरगांव में एक व्यक्ति अपने घर बाड़ी में अवैध रूप से देशी महुआ शराब बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही महिला प्रधान आरक्षक सावित्री मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम तैयार की गई और मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान आरोपी अंकालू चतुर्वेदी पिता स्वर्गीय उदय, उम्र 65 वर्ष निवासी आतुरगांव थाना कांकेर जिला उत्तर बस्तर कांकेर को पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 04 नग पांच-पांच लीटर वाली जरकीनों में भरी कुल 20 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई जिसकी कीमत करीब 2000 रुपये बताई गई। मौके से शराब बिक्री की 100 रुपये नगदी भी जब्त की गई। पुलिस ने कुल 2100 रुपये की मशरूका जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 163/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। पूरी कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक सावित्री मरकाम, आरक्षक ईश्वर साहू, रोशन राठौर, रामप्रसाद साहू और महिला आरक्षक साविता नाग की अहम भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। फिलहाल, उजियार अभियान के जरिए कांकेर पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि गांवों में छिपकर चल रहे अवैध शराब कारोबार पर अब लगातार कड़ी चोट पडऩे वाली है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

