रायगढ़ 18 मई (आरएनएस)“दोपहर की खामोशी अचानक चीखों और तलवार की चमक से टूट गई… पड़ोसी के घर में घुसे युवक ने बोलेरो और बाइक पर ताबड़तोड़ वार किए, फिर जान से मारने दौड़ा, लेकिन रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने कुछ ही घंटों में पूरे इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।” रायगढ़ जिले के थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम सोडेकेला में सनसनीखेज घटनाक्रम उस वक्त सामने आया जब गांव निवासी मृत्युंजय बिशी पिता स्वर्गीय केशव बिशी उम्र 18 वर्ष 03 माह लोहे की धारदार तलवार लेकर पड़ोसी संतोष पटेल के घर में घुस गया। 16 मई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 AE 9117 और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AH 6481 पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित संतोष पटेल पिता चक्रधर पटेल उम्र 32 वर्ष ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर उसकी ओर दौड़ा और जान से मारने की धमकी दी। अपनी जान बचाने के लिए संतोष को मौके से भागना पड़ा। आरोपी की सनक में दोनों वाहनों को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा। घटना के बाद पीड़ित सीधे थाना पुसौर पहुंचा और पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 135/2026 दर्ज किया गया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 296, 351(3), 324(4) बीएनएस समेत 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला कायम किया गया। टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुसौर पुलिस तत्काल एक्टिव हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी मृत्युंजय बिशी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में ही आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पूरे मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ और सख्त संदेश देते हुए कहा कि हथियार लेकर दहशत फैलाने, घरों में घुसकर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों पर रायगढ़ पुलिस लगातार कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी। बहरहाल, पुसौर की इस घटना ने साफ कर दिया है कि मामूली आक्रोश जब हथियार तक पहुंच जाए तो वह सीधे कानून के शिकंजे में खत्म होता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

