महासमुंद 18 मई (आरएनएस) “सोलर प्लांट की सुरक्षा दीवार काटकर हजारों का कॉपर वायर पार करने वाला शातिर चोर आखिर पुलिस के शिकंजे में फंस गया… महासमुंद पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद कर न सिर्फ आरोपी को दबोचा बल्कि चोरी का सामान खरीदने वाले बर्तन कारोबारी पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।” महासमुंद जिले के थाना तेन्दूकोना क्षेत्र में स्थित विपुल विद्युत प्राइवेट लिमिटेड के सौर ऊर्जा प्लांट में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले व्यवसायी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला तब सामने आया जब प्रार्थी महेश कुमार तारम पिता जेठूराम तारम उम्र 33 वर्ष निवासी तेन्दूकोना ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 नवंबर 2025 की रात 11 बजे से 14 नवंबर 2025 की शाम 5 बजे के बीच अज्ञात चोर सोलर प्लांट की बाउंड्री में लगे फेंसिंग तार को काटकर अंदर घुसा और कॉपर केबल वायर चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद तेन्दूकोना पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(A) बीएनएस के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जानकारी, स्थानीय मुखबिर तंत्र और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर ग्राम बगारपाली निवासी टिकेश्वर भास्कर पिता जागेश्वर भास्कर उम्र 26 वर्ष को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया और खुलासा किया कि चोरी किया गया कॉपर वायर उसने ग्राम शिकारीपाली स्थित राज बर्तन फर्नीचर दुकान में बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने बर्तन दुकान संचालक दिनेश कंसारी पिता स्वर्गीय जोहन लाल कंसारी उम्र 42 वर्ष निवासी शिकारीपाली थाना तेन्दूकोना को भी दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 16 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया जिसकी अनुमानित कीमत 16 हजार रुपये बताई गई है। चोरी का माल खरीदने के आरोप में बर्तन व्यवसायी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत अलग से वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने शत-प्रतिशत माल बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि अब चोरी करने वालों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले भी पुलिस की रडार पर हैं। फिलहाल, महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई ने सोलर प्लांट और औद्योगिक इकाइयों में चोरी करने वाले गिरोहों को सीधा संदेश दे दिया है कि कानून से बच निकलना अब आसान नहीं होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

