बिलासपुर 18 मई (आरएनएस) “सरस्वती स्टील के मालिक ने कमरे में चल रही ‘गलत हरकत’ पर टोका तो युवक की गैरत भड़क उठी… कुछ देर बाद वही युवक चाकू लेकर लौटा, ‘चाचा दरवाजा खोलो’ कहकर गेट खुलवाया और सामने आते ही कारोबारी की जांघ में चाकू घोंपकर साथियों संग फरार हो गया, जिससे सिरगिट्टी इलाके में सनसनी फैल गई।” बिलासपुर के थाना सिरगिट्टी क्षेत्र अंतर्गत बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। घटना 17 मई 2026 की है जब पुलिस को सूचना मिली कि सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा पर किसी अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तफ्तीश में बेहद चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया। पुलिस जांच में पता चला कि सरस्वती स्टील में काम करने वाले एक कर्मचारी को मालिक की ओर से वहीं रहने के लिए कमरा दिया गया था, जहां वह अपनी पत्नी के साथ रहता था। घटना वाले दिन कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया हुआ था और कमरे की चाबी अपने एक दोस्त को देकर गया था। इसी दौरान उसका दोस्त अपनी प्रेमिका और मंगेतर को लेकर कमरे में पहुंच गया। तभी सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा वहां आ पहुंचे और युवक को फटकार लगाते हुए कहा कि “यहां इस तरह की गलत हरकतें नहीं चलेंगी।” उस समय युवक वहां से “अब नहीं आएंगे” कहकर चला गया, लेकिन प्रेमिका के सामने हुई बेइज्जती उसके दिमाग में घर कर गई। कुछ देर बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ वापस लौटा। उसने बाहर से आवाज लगाई “चाचा दरवाजा खोलो।” जैसे ही गुड्डू मिश्रा ने दरवाजा खोला, युवक ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। वार सीधे उनकी जांघ में घुटने के ऊपर लगा, जिससे वे घायल हो गए। हमला करने के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 363/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 333, 351(3), 118(1) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने एक संदेही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, बन्नाक चौक की यह वारदात एक बार फिर बता गई कि क्षणिक गुस्सा और झूठी शान जब हथियार तक पहुंच जाए तो उसका अंजाम सीधे जेल की सलाखों तक जाता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

