मेक्सिको सिटी,18 मई। फीफा विश्व कप की तैयारी कर रहे मेक्सिको में सोमवार को बड़ी वारदात सामने आई है। यहां प्यूब्ला राज्य के तेहुइटजिंगो शहर में तड़के 10 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक नाबालिग शामिल है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पीडि़तों पर कथित तौर पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया था। सुबह तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों ने गोलीबारी की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब मौके पर कई लोग घायल मिले, जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। राज्य के अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि नेशनल गार्ड, अटॉर्नी जनरल का कार्यालय, राज्य पुलिस, स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
यह वारदात ऐसे समय पर हुई है, जब 11 जून से राजधानी मेक्सिको सिटी में विश्व कप शुरू होने वाला है। यह घटना मेक्सिको सिटी से लगभग 208 किलोमीटर में हुई है। तेहुइटजिंगो में लगभग 11,300 लोग रहते हैं। मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने विश्व कप से पहले सुरक्षा को मजबूत करने का वादा किया है। राज्य में नेशनल गार्ड सैनिकों, पुलिस अधिकारियों और निजी सुरक्षा फर्मों के 1 लाख सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

