वाशिंगटन,18 मई। अमेरिका के इडाहो में स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस में रविवार को एक हवाई प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी नौसेना के 2 विमान आपस में हवा में टकरा गए। हादसा गनफाइटर स्काईज एयर शो के दौरान घटी। घटना के समय ईए-18जी ग्रोवलर विमान हवा में प्रदर्शन कर रहे थे। विमानों की टक्कर होने पर चालक दल के चारों सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए और उनकी हालत स्थिर है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
यह टक्कर सैन्य अड्डे से करीब 2 मील दूर हवा में हुई है। नौसेना दुर्घटना की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो दर्शकों द्वारा साझा किया गया है। इसमें टक्कर का क्षण और उसके बाद चालक दल के सदस्यों को पैराशूट से बाहर निकलते देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि दोनों लड़ाकू विमान आपस में चिपक गए और फिर आग के गोले में बदल गए।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और बेस को भी सील किया गया है। गनफाइटर स्काईज़ एयर शो 8 साल बाद इस सप्ताहांत में आयोजित हुआ था, जिसमें हजारों लोगों ने सैन्य विमानों के प्रदर्शन और हवाई करतब देखने के लिए इस कार्यक्रम में शिरकत की थी। एयर शो के आयोजक लगभग 2 साल से प्रदर्शन की तैयारी में जुटे थे। इस दौरान सुरक्षा दल और रखरखाव कर्मी तैनात थे।
वर्ष 2018 में, बेस पर कार्यक्रम के दौरान रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एक हैंग ग्लाइडर पायलट की मौत हो गई थी। इससे पहले, 2003 में माउंटेन होम में एयर शो के दौरान थंडरबर्ड्स का जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हालांकि, पायलट बच गया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

