बोली, भ्रष्टाचार, महंगाई ने तोड़ी आमजन की कमर, सरकार उदासीन
सिरसा 18 मई (आरएनएस)। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा कि देशभर में पेट्रो पदार्थों की कीमतों में की गई बढ़ोतरी और नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के लीक होने व उसे रद्द किए जाने के विरोधस्वरूप आगामी 20 मई को सुबह 11 बजे उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। सोमवार को जारी बयान में जिला कांग्रेस की अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ सैकड़ों कार्यकर्ता भी केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करेंगे और पेट्रो पदार्थों की बढ़ी कीमतें वापिस लेने और नीट परीक्षा को लीक करने वालों पर शिकंजा कसने की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बेनीवाल ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा की गलत नीतियों का खामियाजा देश के करोड़ों लोगों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता पहले ही त्रस्त है, अब ऐसे में अब तेल की कीमतों में वृद्धि ने लोगों की जेबों पर डाका डालने जैसा कार्य किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढऩे का सीधा असर आम आदमी के जनजीवन पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होने से माल भाड़े में वृद्धि होगी और इससे खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की जरूरतों का सामान और अधिक महंगा हो जाएगा। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और गरीब लोगों पर पड़ेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। रसोई गैस, बिजली, खाने पीने की चीजें और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि ने जनता को आर्थिक तौर पर पूरी तरह से हाशिए पर धकेल दिया है। बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द तेल की बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

