उत्तरकाशी 18 मई (आरएनएस)। पुजेली-चंदेली सिंचाई नहर पर सड़क कटिंग का मलबा डंप कर नहर को क्षतिग्रस्त किए जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर नहर को सुचारू नहीं किया गया और डंपिंग जोन नहीं बदला गया तो सड़क पर चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। सोमवार को ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला को ज्ञापन सौंपकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान निकाला गया मलबा सीधे नहर में डाला जा रहा है जिससे नहर कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त और बंद हो गई है। इससे खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है और सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि रामा एवं कमल सिरांई क्षेत्र में इस समय धान रोपाई, धान पौध एवं टमाटर पौध की सिंचाई सहित कृषि कार्यों का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे में नहर बंद होने से कई गांवों के किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। समय पर पानी नहीं मिलने से धान की पौध एवं अन्य नकदी फसलें सूख सकती हैं। ज्ञापन देने वालों में श्यालिकराम नौटियाल, पूर्व प्रधान लोकेंद्र नौटियाल, हकुमत सिंह रावत, राजेंद्र रावत, रविंद्र सिंह सजवाण, नितिन सिंह असवाल, प्रदीप सिंह, खजान, पूर्व प्रधान बिजेंद्र सजवाण मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

