कोटद्वार 18 मई (आरएनएस)। सामाजिक कार्यकर्ता के प्रयास से उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर की एक महिला करीब दो वर्ष बाद परिजनों को मिल सकी। जौनपुर के एक गांव से एक युवक रविवार को उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद क्षेत्र में संचालित करुणा धाम आश्रम पहुंचा था। उसने आश्रम में संरक्षण पाकर जीवन-यापन कर रही महिला की पहचान अपनी बुआ के रूप में की। बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह घर से निकल आई थी। काफी तलाशने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लगा था। परिजनों को महिला से मिलवाने में कोटद्वार की सामाजिक कार्यकर्ता इंदु नौटियाल ने सेतु का काम किया। इंदु के प्रयासों से ही युवक जौनपुर से नजीबाबाद पहुंचा।
आश्रम संचालकों से मिली जानकारी के अनुसार इंदु ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ गर्भवती को पुलिस की ओर से 2 जुलाई, 2024 को करुणा धाम आश्रम लाया गया था। आश्रम में ही महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। करीब 22 महीने करुणा धाम में रहने के दौरान उसका इलाज और देखभाल की गई जिससे अब वह स्वस्थ है। युवक अपनी बुआ और उसकी बच्ची को अपने साथ ले गया। आश्रम प्रबंधन ने इस सहयोग के लिए इंदु नौटियाल और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

