कोरबा 19 मई (आरएनएस) कोयला गिराने की पुरानी रंजिश ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि बीच सड़क युवक को कार से घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, लेकिन दीपका पुलिस ने हत्या के प्रयास के इस मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और उनकी नौकरी तक चली गई। कोरबा जिले के थाना दीपका क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी थी। मामले में प्रार्थी राहुल सिंह ने थाना दीपका पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 अप्रैल 2026 को वह ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान क्रांति दुकान के पास आरोपी राहुल सिंह और चन्दन सिंह अपने अन्य साथियों के साथ कार में पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को सड़क पर गिराकर लाठी और डंडों से जमकर मारपीट की। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने पहले इलाज कराया और बाद में थाना पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दीपका पुलिस ने अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान हत्या के प्रयास की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और आरोपी राहुल सिंह पिता सिकंदर सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी मानियाराडीह थाना नबीनगर जिला औरंगाबाद बिहार हाल मुकाम झाबर थाना दीपका जिला कोरबा तथा चन्दन सिंह पिता सत्येंदर सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी मानियाराडीह थाना नबीनगर जिला औरंगाबाद बिहार हाल मुकाम झाबर थाना दीपका जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर कटघोरा जेल भेज दिया है। पुलिस कार्रवाई का असर इतना बड़ा रहा कि आरोपियों को उनकी नौकरी से भी निकाल दिया गया। थाना दीपका पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और जानलेवा हमले जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, कोयले की छोटी सी रंजिश ने दो युवकों को सीधे जेल की सलाखों तक पहुंचा दिया और यह मामला फिर साबित कर गया कि गुस्से में उठाया गया एक हिंसक कदम जिंदगी पूरी तरह बर्बाद कर सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

