कोरबा 19 मई (आरएनएस) दीपका से दर्री तक बाइक में भरकर अवैध शराब पहुंचाने का खेल चल रहा था, लेकिन “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि शराब तस्करी का पूरा प्लान रास्ते में ही ध्वस्त हो गया और दोनों आरोपी सीधे जेल पहुंच गए। कोरबा जिले में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना दीपका पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब दीपका से दर्री की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट मोड पर आ गई और संदिग्ध बाइक की घेराबंदी कर दबिश दी गई। जांच के दौरान बाइक सवार दो युवकों के कब्जे से 57 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 5 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ घटना में इस्तेमाल होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में विजय यादव पिता बोधन यादव उम्र 26 वर्ष निवासी अयोध्यापुरी दर्री थाना दर्री जिला कोरबा तथा संदीप साहू पिता बलराम साहू उम्र 21 वर्ष निवासी जेलगांव चौक क्वार्टर नंबर 583 थाना दर्री जिला कोरबा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना दीपका पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब, जुआ, सट्टा या अन्य अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। बहरहाल, “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान ने यह साफ कर दिया है कि अब जिले में अवैध कारोबार करने वालों के लिए हर रास्ते पर पुलिस की नजर और कानून का पहरा दोनों मौजूद हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

