धमकी भरी कॉल्स से परेशान लोगों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रहा है,अभेद्य ऐप :- एसपी दीपक सहारन ।
सिरसा 20 मई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जिले के सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में धमकी भरी कॉल्स से परेशान पीडि़त लोगों को अभेद्य ऐप डाउनलोड करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह ऐप विशेष रूप से उन लोगों की सुरक्षा के लिए तैयार किया गया है जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय या संदिग्ध नंबरों से धमकी भरे कॉल, मैसेज अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से परेशान किया जा रहा है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि अभेद्य ऐप ओटीपी आधारित प्रणाली पर कार्य करता है और इसे केवल उन्हीं लोगों को डाउनलोड करवाया जाए जिन्हें वास्तव में धमकी भरी कॉल्स प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के प्रयासों से इस आधुनिक सुरक्षा ऐप को लॉन्च किया गया था, जो आज धमकी भरी कॉल्स से परेशान लोगों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस की यह अनूठी पहल आमजन में तेजी से लोकप्रिय हो रही है और लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। अभेद्य ऐप संदिग्ध अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से आने वाले वॉयस कॉल, मैसेज, फोटो, वीडियो और वॉयस नोट को तुरंत ब्लॉक कर देता है। इतना ही नहीं, यह ऐप ऐसी सामग्री को उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले ही डिलीट कर देता है, जिससे अपराधियों को स्थानीय नंबरों का इस्तेमाल करना पड़ता है और पुलिस के लिए उनकी पहचान व ट्रैकिंग करना आसान हो जाता है। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि “अभेद्य” ऐप ने पूरे देश में एक नया मानक स्थापित किया है। हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित इस अनूठी पहल को देखते हुए देश के कई अन्य राज्य भी इसी प्रकार की सुरक्षा प्रणाली विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐप साइबर अपराध और धमकी भरे अंतर्राष्ट्रीय कॉल्स पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में बेहद कारगर साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अभेद्य ऐप एक मोबाइल आधारित नागरिक सुरक्षा प्रणाली है, जो अज्ञात अंतर्राष्ट्रीय नंबरों, वर्चुअल नंबरों और सेव न किए गए संदिग्ध नंबरों की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करता है। इसके साथ ही चैट, वीडियो, इमेज और वॉयस नोट जैसी संदिग्ध सामग्री को भी यूजर तक पहुंचने से पहले हटाने का कार्य करता है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी अधिकारी या पीडि़त व्यक्ति को ऐप डाउनलोड करने अथवा उपयोग करने में किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वे तुरंत पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल इंचार्ज से संपर्क कर समस्या का समाधान करवाएं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और “अभेद्य” ऐप इस दिशा में एक प्रभावी एवं भरोसेमंद कदम साबित हो रहा है।
यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मचंद ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले 16 वाहनों के चालन किए ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

