सिरसा 20 मई (आरएनएस)। पुलिस महानिदेशक हरियाणा एवं पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस द्वारा 18 मई से 24 मई तक यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आज यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मचंद ने हिसार रोड स्थित टोल प्लाजा पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की गई तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अवैध रूप से सरकारी पदनाम लिखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान कुल 16 वाहनों के चालान किए गए।
इंस्पेक्टर धर्मचंद ने बताया कि चेकिंग के दौरान कई निजी वाहनों पर “हरियाणा सरकार” लिखा हुआ पाया गया। ऐसे वाहन चालकों को राउंडअप कर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा हरियाणा सरकार के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी भी निजी वाहन पर “हरियाणा सरकार”, “कोर्ट”, “पुलिस”, “प्रेस”, “आर्मी” अथवा अन्य सरकारी पदनाम लिखना पूरी तरह गैर-कानूनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “हरियाणा सरकार” केवल उन्हीं वाहनों पर लिखा जा सकता है जो आधिकारिक रूप से राज्य सरकार के स्वामित्व में हों। निजी वाहनों पर इस प्रकार के बोर्ड, स्टिकर या पदनाम लगाना कानून का उल्लंघन माना जाता है।
यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मचंद ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने निजी वाहन पर सरकारी बोर्ड या स्टिकर लगाकर चलता पाया गया तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माना लगाया जा सकता है तथा वाहन को जब्त भी किया जा सकता है।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और अपने निजी वाहनों पर केवल अधिकृत नंबर प्लेट का ही प्रयोग करें। सिरसा पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

