महासमुंद 19 मई (आरएनएस) घर के भीतर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया, बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन सरायपाली पुलिस ने चंद घंटों के भीतर घेराबंदी कर आरोपी बेटे को पकड़ लिया। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम रिसेकेला में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। 18 मई 2026 को सूचक हरजीत चौहान की सूचना पर पुलिस ग्राम रिसेकेला पहुंची, जहां जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान उम्र 48 वर्ष की संदिग्ध मौत की जानकारी मिली। शव का निरीक्षण करते ही पुलिस को सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए और मामला साधारण मौत नहीं बल्कि हत्या का लगने लगा। सरायपाली थाना पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि 17 मई की रात मृतक जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान और उसके पुत्र अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच घर में किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। गुस्से में बेकाबू बेटे ने पहले पिता से मारपीट की और फिर घर की बाड़ी से ईंट उठाकर उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। ईंट के वार से जयलाल चौहान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर हालत में घायल जयलाल को शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की और पाया कि मृतक की मौत सिर पर ईंट से किए गए घातक हमले के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र अजय चौहान के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस लगातार मुखबिरों को सक्रिय रखे हुए थी। इसी दौरान 18 मई की रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बोदापाली के आसपास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी अजय चौहान पिता जयलाल चौहान उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम रिसेकेला थाना सरायपाली जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सरायपाली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या का मामला कुछ ही घंटों में सुलझ गया। बहरहाल, यह वारदात एक बार फिर बता गई कि घर के भीतर पल रहा गुस्सा जब रिश्तों पर हावी हो जाता है, तब सबसे सुरक्षित माना जाने वाला परिवार भी खून से रंग जाता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

