कोरबा 19 मई (आरएनएस) शादी का भरोसा, प्यार का जाल और फिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म… कोरबा जिले में सामने आए इस सनसनीखेज मामले में उरगा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर लोकेशन के सहारे नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया। मामला थाना उरगा क्षेत्र का है, जहां 2 मई 2026 को एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही उरगा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की और मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य तथा सीडीआर डिटेल के आधार पर तलाश शुरू कर दी। लगातार जांच और निगरानी के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को ग्राम कारा, थाना उरला, जिला रायपुर से सुरक्षित दस्तयाब किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी रमेश मरकाम ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले जाया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी रमेश मरकाम पिता ललित मरकाम उम्र 25 वर्ष निवासी हरदीडीह, चौकी चैतमा, थाना पाली, जिला कोरबा के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 137(2), 64 (2) (m) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज किया। आरोप प्रमाणित पाए जाने पर 19 मई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूरे मामले में उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच निर्णायक साबित हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

