भोपाल 19 मई (आरएनएस)। नजीराबाद थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ढाई लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। गिरोह ने युवक की मंदिर में शादी कराई और 10 दिन बाद दुल्हन फरार हो गई। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
रिश्तेदार बनकर किया संपर्क ग्राम आमल्या निवासी रामचंदर मीना ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके छोटे भाई सरवन मीना की शादी नहीं हो रही थी। इसी दौरान मंडीदीप निवासी रूप सिंह रैकवार ने रिश्तेदार बनकर संपर्क किया और शादी कराने का भरोसा दिलाया।
नकद लेते ही कराई शादी आरोपियों ने शादी कराने के बदले ढाई लाख रुपए मांगे। 30 अप्रैल को रकम लेने के बाद महिला को आमल्या लाया गया और उसी दिन मंदिर में शादी करा दी गई।
10 दिन बाद घर से भागी महिला शादी के बाद महिला परिवार के साथ रहने लगी। 10 मई की रात वह बिना बताए घर से चली गई। परिवार ने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने महिला को वापस लाने से इनकार कर दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार नजीराबाद थाना प्रभारी दुर्जन सिंह वरकड़े ने बताया कि आरोपी रवि कुशवाह, रूप सिंह रैकवार और सरोज उईके को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में इस्तेमाल हुंडई ऑरा कार भी जब्त की गई है।
पहले भी ठगी की आशंका पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह शादी का झांसा देकर ठगी करता था। महिला दुल्हन बनती थी, जबकि दोनों आरोपी ड्राइवर हैं। पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

