रायगढ़ 20 मई (आरएनएस)पति को खोजते हुए दुकान पहुंची महिला के साथ अधेड़ ने बंद कमरे में अश्लील हरकत की कोशिश की, चीख-पुकार के बाद किसी तरह जान बचाकर भागी पीड़िता की शिकायत पर रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचकर जेल भेज दिया। रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सनसनी फैलाने वाला मामला सामने आया है, जहां ग्राम पतरापाली कोतरलिया निवासी माधो घोष उर्फ माधव यादव (65 वर्ष) ने एक महिला को बहाने से दुकान के अंदर बैठाया और फिर गलत नियत से पकड़कर अंदर ले जाने की कोशिश की। घटना 18 मई की सुबह की बताई जा रही है, जब करीब 30 वर्षीय महिला अपने पति को खोजते हुए आरोपी की दुकान के पास पहुंची थी। आरोपी ने महिला से कहा कि वह उसके पति को फोन से बुला देगा और इसी बहाने उसे दुकान में बैठा लिया। कुछ देर बाद आरोपी ने बाहर का गेट बंद कर दिया और महिला को पकड़कर अंदर ले जाने लगा। अचानक हुई इस हरकत से घबराई महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और आरोपी के चंगुल से छूटकर किसी तरह बाहर भाग निकली। भागते समय आरोपी ने महिला को घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डरी-सहमी महिला घर पहुंची और पूरी घटना पति व परिजनों को बताई, जिसके बाद मामला सीधे महिला थाना रायगढ़ पहुंचा। शिकायत मिलते ही महिला थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी माधो घोष उर्फ माधव यादव पिता बलराम यादव निवासी कोतरलिया रायगढ़ के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 74, 75(1)(i) और 351(3) के तहत केस कायम किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे और महिला थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। पूरे मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए रायगढ़ पुलिस पूरी ताकत से कार्रवाई करेगी। बहरहाल, यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध छिप नहीं पाते, कानून देर से सही लेकिन शिकंजा जरूर कसता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

