नारायणपुर 20 मई (आरएनएस) सिर्फ एक कॉल और मिनटों में मदद मौके पर… नारायणपुर में अब हादसा, अपराध, आगजनी, स्वास्थ्य संकट या महिलाओं-बच्चों से जुी किसी भी आपात स्थिति में राहत के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि नारायणपुर पुलिस ने “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा वाहन लॉन्च कर जिले की इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को हाईटेक और तेज बना दिया है। बुधवार को जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया और नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर डायल-112 सेवा वाहन को रवाना किया। कार्यक्रम में पार्षद संजय नंदी, रमशीला नाग और संगीता जैन समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि “एके नंबर – सब्बो बर” की सोच पर तैयार की गई यह सेवा अब आम लोगों को एक ही नंबर पर पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन जैसी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराएगी। सड़क दुर्घटना हो, महिला सुरक्षा का मामला हो, बच्चों की मदद चाहिए हो, आग लगने की घटना हो या किसी अपराध की सूचना—अब सबसे नजदीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी। नई सेवा में लगाए गए वाहन स्मार्टफोन, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस रेडियो कम्युनिकेशन और कैमरों से लैस हैं, जिससे कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही निकटतम वाहन को तत्काल रवाना किया जा सकेगा और रिस्पॉन्स टाइम में बड़ा सुधार होगा। पुलिस का दावा है कि यह सिस्टम खास तौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का मजबूत जरिया बनेगा। प्रदेश के सभी 33 जिलों में विस्तार पा रही यह हाईटेक सेवा अब छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग को पारंपरिक मॉडल से निकालकर टेक्नोलॉजी आधारित त्वरित सहायता प्रणाली में बदलने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। बहरहाल, नारायणपुर में लॉन्च हुई यह “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा साफ संकेत दे रही है कि अब संकट की घड़ी में मदद सिर्फ उम्मीद नहीं, बल्कि कुछ मिनटों की दूरी पर होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

