– लू से बचाव के लिए सिर को ढककर निकलने की अपील
खागा, फतेहपुर 20 मई (आरएनएस)। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज लू ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान से लोग बेहाल हैं। सुबह से ही आसमान से बरस रही तपिश और उमस के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि दोपहर होते-होते हालात और भी विकट हो जाते हैं।
गर्मी का असर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी पर साफ दिखाई दे रहा है। तेज धूप और लू से राहत पाने के लिए बच्चे नहरों और तालाबों में उतरकर पानी में घंटों समय बिता रहे हैं, हालांकि यह राहत अस्थायी है, लेकिन तपती गर्मी से बचने का यही सहारा बन गया है। वहीं बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है, जिससे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि गर्मी और लू से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के इस दौर में सावधानी बरतें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

