कोण्डागांव, 20 मई (आरएनएस)। कोंडागांव जिले के भ्रमण के दौरान अतिरिक्त सचिव भारत सरकार एवं जल जीवन मिशन के मिशन संचालक कमल किशोर सोन और एरिया अधिकारी उमेश भारद्वाज द्वारा विकासखंड फरसगांव के ग्राम जुगानीकलार में जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रियान्वित एकल ग्राम पेयजल योजना का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता जी.एल. लखेरा,अधीक्षण अभियंता कैलाश मढ़रिया,अधीक्षण अभियंता आर के शुक्ला स्थानीय कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र पांडे, सहायक अभियंता सी पी सोनवानी, उप अभियंता अजय टोप्पो उप अभियंता कुमारी निभा कोर्राम, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र पांडे ने बताया कि ग्राम जुगानीकलार में जल जीवन मिशन अंतर्गत 215.03 लाख रूपए लागत की योजना स्वीकृत है तथा 65 किलोलीटर क्षमता की 01 आर.सी.सी. ऊँची पानी टंकि एवं 1 सौर टंकी है टंकियों के माध्यम से 409 घरों में जल प्रदाय किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत जुगानीकलार की सरपंच संगीता नेताम ने बताया कि योजना प्रारंभ होने के बाद अब ग्रामीणों को हैंडपंप पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, बल्कि घर-घर स्वच्छ पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। निरीक्षण के दौरान योजना के संचालन, जल वितरण प्रणाली तथा पानी की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। वर्षा ऋतु के पूर्व एवं पश्चात अधिक से अधिक जल परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त वर्ष में दो बार जल टंकियों की सफाई करने के निर्देश भी दिए गएउन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही जल स्रोतों की निरंतरता सुनिश्चित करने हेतु जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रत्येक गांव के एक व्यक्ति को प्रशिक्षित कर मिशन के कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा नियमित अंतराल में पानी की टंकियों की सफाई कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत परिवारों हेतु निर्मित शौचालयों के उपयोग के संबंध में ग्रामवासियों से जानकारी प्राप्त की गई तथा घरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के उचित निपटान हेतु ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को आवश्यक समझाइश दी गई।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

