-समाधान शिविर के साथ ही सीएम विंडो की शिकायतों की भी होगी समीक्षा
सिरसा 20 मई (आरएनएस)। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि सीएम विंडो पर आई शिकायतों का समयबद्ध निपटान के साथ उनकी समीक्षा भी की जाए। एटीआर को अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरतें।
उपायुक्त मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित सीएम विंडो की समीक्षा बैठक उपरांत जिले के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस दौरान सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन भी उपस्थित रहे। उन्होंने सीएम विंडो की शिकायतों के निपटान के दौरान आ रही समस्याओं के साथ-साथ जल्द समाधान को लेकर सुझाव भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर के साथ ही सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को भी सुना जाएगा और इस दौरान एमिनेंट पर्सन भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को अधिकारी अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल करें। उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों को लेकर विशेष गंभीरता बरती जाए। सीएम विंडो पोर्टल आम जनता के लिए बेहद कारगर है क्योंकि इसके जरिए कोई भी नागरिक अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, जिला नगर आयुक्त वीरेंद्र सहरावत, जिला राजस्व अधिकारी संजय बिश्रोई, उप निदेशक कृशि डा. सुखदेव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व एनिमेंट पर्सन उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

