सिरसा 20 मई (आरएनएस)। हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में रानियां ब्लॉक के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहा तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस शिविर में ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों से आए पीटीआई और डीपीई शिक्षकों को योग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने-अपने स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक कर सकें और उन्हें नियमित अभ्यास करा सकें।
शिविर के दौरान योग विशेषज्ञों द्वारा शिक्षकों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने वाले विभिन्न योगासनों का गहन अभ्यास कराया गया। इसमें गर्दन के सूक्ष्म व्यायाम और कंधों के दर्द से राहत देने वाले अभ्यासों के साथ-साथ खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताड़ासन व वृक्षासन का अभ्यास कराया गया। वहीं बैठकर किए जाने वाले आसनों में उष्ट्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भद्रासन व वक्रासन तथा पेट के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों में मकरासन, भुजंगासन व शलभासन का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों में पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन व उत्तानपादासन का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी संभागियों को विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास कराने के उपरांत शांति पाठ के साथ शिविर का समापन हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में नोडल अधिकारी डॉ. सोनू व राजेश सिहाग ने मुख्य भूमिका निभाई। शिविर के दौरान योग सहायक सुमन कुमार, रीता रानी, निर्मला देवी, सुमन रोशनी, रविन्द्र व अमित लेगा ने उपस्थित पीटीआई व डीपीई शिक्षकों को योग के नियमों, इसके महत्व और भविष्य में आने वाली विधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अवगत कराया। विशेषज्ञों ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वस्थ और तनावमुक्त रखना है, जिसमें खेल शिक्षक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

