युवाओं के भविष्य से लगातार खिलवाड़ कर रही भाजपा सरकार: संतोष बैनीवाल
सिरसा 20 मई (आरएनएस)। देश में लगातार सुरसा की तरह बढ़ रही महंगाई व नीट परीक्षा के रद्द होने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला प्रधान संतोष बैनीवाल के नेतृत्व में लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को जिला उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट:पति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस प्रकरण ने देशके लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा आघात पहुंचाया है। लाखों छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं तथा इस घटना से आहत होकर पांच विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक हैं। यह कोई पहला अवसर नहीं है जब किसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आई हों। विगत वर्षों में भी अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में इस प्रकार की अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित पेपर लीक माफिया का नेटवर्क है, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि देश के युवाओं का विश्वास पुन: स्थापित हो सके। बैनीवाल ने बताया कि इसके अतिरिक्त 15 मई 2026 को केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में 3 प्रति लीटर से अधिक तथा सीएनजी में 3 प्रति किलो की वृद्धि कर दी गई है। यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है जब देश का आम नागरिक पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट की मार झेल रहा है। ईंधन मूल्यों में यह वृद्धि आमजन की परेशानियों को और अधिक बढ़ाने वाली सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में निरंतर वृद्धि का सीधा प्रभाव परिवहन, कृषि, उद्योग तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ता है। खाद्यान्न, सब्जियां, दूध, दवाइयां, निर्माण सामग्री तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और आम आदमी का जीवन-यापन अत्यंत कठिन हो गया है। विशेष रूप से किसान वर्ग इस वृद्धि से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। ट्रैक्टर, ट्यूबवेल, हार्वेस्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों के संचालन में डीजल की अत्यधिक आवश्यकता होती है। डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण खेती की लागत में भारी वृद्धि हुई है, जिससे किसानों की आय और आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले 11 वर्षों के शासनकाल में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस (छढॠ) की कीमतों में हुई लगातार वृद्धि के कारण देश की जनता पर लाखों करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। सरकार द्वारा टैक्स एवं उपकर में लगातार वृद्धि की जा रही है, जबकि आमजन को राहत प्रदान करने हेतु कोई ठोस कदम उठाए जाते दिखाई नहीं दे रहे हैं। आज देश का किसान, मजदूर, छोटा व्यापारी, कर्मचारी एवं मध्यम वर्गीय परिवार सभी महंगाई की इस मार से त्रस्त हैं। जिला कांग्रेस कमेटी आपसे विनम्र अनुरोध करती है कि आप केंद्र सरकार को निर्देशित करते हुए नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों एवं पेपर लीक माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु प्रभावी एवं सख्त कानून लागू किए जाएं। पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में तत्काल कमी कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए। बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण हेतु ठोस एवं जनहितकारी कदम उठाए जाएं। किसानों, मजदूरों, मध्यम वर्ग एवं आम नागरिकों को राहत देने वाली प्रभावी नीतियां लागू की जाएं। इस मौके पर एडवोकेट नरेश मलिक, एडवोकेट केआर पिलानिया, एडवोकेट नरेन्द्र शर्मा, एडवोकेट विकास ढिल्लों, एडवोकेट संतोष कटारिया, एडवोकेट चंचल, एडवोकेट जतिन, एडवोकेट अलका, एडवोकेट राजेंद्र कासनिया, सुभाष सरपंच, मांगेराम सरपंच, रामकुमार खैरेकां, हरिसन विलियम, सतपाल मेहता, वेदपाल डांगी, लखविंदर कंडा, सुखदेव सिंह करीवाला, एमसी चंचल, नरेश मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

