– बाजेकां में अमृत सरोवर योजना से बने तालाब का लिया जायजा
सिरसा 20 मई (आरएनएस)। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बुधवार को जिला परिषद की निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की नई बिल्डिंग बनने से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज से जुड़े कार्यों को और अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव भारद्वाज ने अतिरिक्त उपायुक्त को भवन निर्माण से संबंधित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन का अधिकांश कार्य पूरा किया जा चुका है तथा शेष कार्य भी शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने अमृत सरोवर योजना के तहत गांव बाजेकां में तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब के साथ बने फुटपाथ से मिट्टी हटाने तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने को कहा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अमृत सरोवर योजना जल संरक्षण और ग्रामीण सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे तालाब गांवों में जल स्तर सुधारने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पंचायत से तालाब के रखरखाव और संरक्षण को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है ताकि इन योजनाओं का दीर्घकालिक लाभ ग्रामीणों को मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को तालाब के आसपास हरियाली बढ़ाने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर एसडीओ पंचायती राज देवेंद्र सिंह, जेई नरेश बंसल सहित विभाग के अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

