मेरठ 20 मई (आरएनएस)। बुधवार की सुबह दिन निकलने से पहले गंगानगर स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में गल्र्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल की छत से गिरकर एक छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के चलते विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को मोर्चरी भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सहारनपुर निवासी अनु गुप्ता आईआईएमटी विश्वविद्यालय में बीए सेकंड ईयर की छात्रा थी। अनु यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित सरोजिनी नायडू गल्र्स हॉस्टल में रहती थी। बुधवार की सुबह हॉस्टल में काम करने वाली मेड छात्रावास के नीचे बने जिम के बाहर से गुजर रही थी। जहां उसने अनु की खून से लथपथ लाश को औंधे मुंह जमीन पर पड़े देखा।
मेड का शोर सुनकर मौके पर छात्राओं की भीड़ लग गई। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात हॉस्टल की तीसरी मंजिल की छत से गिरकर छात्रा की मौत हुई है।
फिलहाल शव को मोर्चरी भेजते हुए पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। छात्रा छत से खुद गिरी, उसे किसी ने धक्का दिया या फिर उसने खुदकुशी की है? पुलिस तीनों एंगल को जांच के दायरे में रखकर चल रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

